राजधानी में पेट्रोल और सीएनजी की आपूर्ति पर चिंता, पंपों पर लंबी कतारें

राजधानी में एलपीजी की आपूर्ति के बाद अब पेट्रोल और सीएनजी की कमी को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। इसका असर पेट्रोल पंपों और सीएनजी स्टेशनों पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां वाहन चालकों की कतारें लंबी हो गई हैं। खासतौर पर सीएनजी स्टेशनों पर ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों की भीड़ देखने को मिल रही है।
पंप संचालकों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पेट्रोल पंपों पर मांग के मुताबिक पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है, लेकिन बढ़ती कतारें चिंता का संकेत दे रही हैं।
सीएनजी पंपों पर भीड़ बढ़ी
सुबह से ही आरके पुरम, मुनिरका, वसंत विहार, हौज खास, दिल्ली कैंट और भीकाजी कामा जैसे इलाकों में सीएनजी पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। वाहन चालक अपनी बारी का इंतजार करते हुए कई घंटों तक लाइन में खड़े रहते हैं। कई जगह ऑटो और टैक्सी की कतारें सड़क तक फैल जाती हैं।
बाइक चालक परवेज ने बताया कि देश में एलपीजी की कमी के चलते सीएनजी भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं, कार चालक विकेश ने कहा कि पालम के कुछ पंपों पर सीएनजी खत्म हो गई है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर आपूर्ति में बाधा आई तो हालात और कठिन हो सकते हैं।
तीन दिन में मांग में 25 फीसदी की बढ़ोतरी
आरके पुरम पंप संचालक रमेश ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सीएनजी की मांग अचानक बढ़ गई है। पहले पूरे दिन में जितनी सीएनजी बिकती थी, अब वही मात्रा कुछ ही घंटों में खत्म हो रही है। पिछले तीन दिनों में मांग में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी कारण कई वाहन चालक टंकी पूरी भरवाकर सुरक्षित रहना चाहते हैं।
वसंत विहार के सीएनजी पंप संचालक राजवीर ने बताया कि सुबह से ही ऑटो, टैक्सी और निजी कारों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। अगर मांग इसी तरह बनी रही तो पंपों पर दबाव और बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।
ऑटो और टैक्सी चालकों में बढ़ी चिंता
सीएनजी की आपूर्ति पर सबसे अधिक असर ऑटो और टैक्सी चालकों पर पड़ रहा है। ऑटो चालक रोबिन ने बताया कि उनका पूरा काम सीएनजी पर निर्भर है और अगर अचानक आपूर्ति बाधित हुई तो उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर होगा। कई चालक एक बार में अधिक ईंधन भरवाकर आगे की जरूरतों के लिए सुरक्षित रहना चाहते हैं। टैक्सी चालक भी अतिरिक्त ईंधन लेकर रखना चाहते हैं ताकि उनके काम में रुकावट न आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.