बागेश्वर धाम की पदयात्रा में जनसैलाब, जया किशोरी भी हुईं शामिल

मथुरा। दिल्ली के छतरपुर से शुरू हुई सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आगे बढ़ते हर पड़ाव के साथ अधिक विशाल रूप लेती जा रही है। शुक्रवार रात छाता स्थित गुप्ता रेजीडेंसी में विश्राम के बाद शनिवार सुबह यात्रा जयकारों के बीच जैंत के लिए रवाना हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही और कई स्थानों पर स्वागत में पुष्पवर्षा भी की गई।
शनिवार को यात्रा में अपेक्षा से कहीं अधिक लोग शामिल हुए। प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी के शामिल होने की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया। भीड़ को देखते हुए पुलिस उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर आगे बढ़ी। वहीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी एक दिन पहले ही वृंदावन पहुंच चुकी थीं।
दिल्ली-आगरा हाईवे पर शनिवार दोपहर यात्रा में लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दिखाई दिए। हाईवे हो या सर्विस रोड, दूर-दूर तक भगवा ध्वज और पदयात्रियों की कतारें ही नज़र आ रही थीं। माहौल में भजनों की गूंज और आस्था का उत्साह स्पष्ट महसूस हो रहा था।
स्थानीय लोगों की ओर से विभिन्न स्थानों पर भंडारे लगाए गए, जहां पानी, चाय और भोजन की व्यवस्था की गई। कई जगह पुनः पुष्पवर्षा से यात्रियों का स्वागत हुआ।
शनिवार रात यात्रा का पड़ाव जैंत रहेगा। रविवार को यह वृंदावन के छटीकरा स्थित चार धाम मंदिर की ओर बढ़ेगी, जहां एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसे ध्यान में रखते हुए लगभग दो लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। शाम को यात्रा के मुख्य संचालक, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, साधु-संतों के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में धर्मध्वजा अर्पित कर पदयात्रा का समापन करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.