पश्चिमी विक्षोभ का असर: पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका असर खासकर पहाड़ी राज्यों में साफ नजर आ रहा है। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी के कारण पूरा क्षेत्र करीब 3 से 4 फीट मोटी बर्फ की परत से ढक गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम और बिगड़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 23 से 25 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 26 मार्च के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम फिर से प्रभावित होगा।
केदारनाथ क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बावजूद सुरक्षा बल मुस्तैद हैं। उत्तराखंड पुलिस और आईटीबीपी के जवान कठिन परिस्थितियों में भी लगातार गश्त कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए हैं। वहीं, कश्मीर में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा। श्रीनगर में दिन का तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 3.6 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 25 मार्च के बीच यहां भी कुछ इलाकों में बर्फबारी हो सकती है और महीने के अंत में फिर से मौसम बदलने के संकेत हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। 23 से 25 मार्च के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि सोमवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में 24 से 28 मार्च के बीच बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। सोमवार से बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। तापमान में गिरावट के कारण ठंड फिर से बढ़ने लगी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.