अलीगढ़ में बेकाबू ट्रक ने सब्जी की दुकान में मारी टक्कर, दरोगा समेत 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- ट्रक चालक विजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
- हादसे में सरकारी स्कूल के शिक्षक जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए।
- मृतक दरोगा श्रवण कुमार तोमर का हाल ही में लखनऊ से अलीगढ़ तबादला हुआ था।
अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र में आगरा रोड पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट दूर स्थित सब्जी की दुकान में जा घुसा। हादसे में सब्जी विक्रेता वीरपाल (53), उनकी पत्नी रामकली देवी (52) और दरोगा श्रवण कुमार तोमर (54) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सरकारी स्कूल का एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक चालक विजय सिंह निवासी धौलपुर को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में ले लिया है। बताया गया कि ट्रक चालक नशे में था।
बागपत निवासी दरोगा श्रवण कुमार तोमर का हाल ही में लखनऊ से अलीगढ़ तबादला हुआ था। शुरुआत में उनकी तैनाती अतरौली में की गई थी, जिसके बाद मडराक थाना तय हुआ। सोमवार को उन्होंने मडराक थाने में आमद कराई। इसके बाद वह अलीगढ़ शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मडराक क्षेत्र के बढ़ौली फत्ते खां के पास वीरपाल की सब्जी की दुकान पर रुक गए।
बढ़ौली फत्ते खां निवासी वीरपाल अपनी पत्नी रामकली देवी के साथ आगरा रोड पर अपने खेतों में उगाई गई सब्जियां बेचते थे। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आगरा जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सड़क से करीब 20 फीट दूर स्थित सब्जी की दुकान में जा घुसा। हादसे में वीरपाल, रामकली देवी और दरोगा श्रवण कुमार तोमर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में इगलास के गुरुसेना निवासी और वर्तमान में नगला मंदिर के पास रहने वाले सरकारी स्कूल के शिक्षक जितेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। दरोगा के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजन बागपत से अलीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं।
हादसे की खबर मिलते ही वीरपाल के परिवार में कोहराम मच गया। वीरपाल के पिता रूपराम की मडराक में खेती है। उनके चार भाई यादराम, लाल बहादुर, मुनीष और रेशमपाल हैं। वीरपाल के तीन बच्चे हैं। उनके बेटे अजय और बेटियां नीरा व कविता का विवाह हो चुका है।
हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे मडराक में हुआ। सड़क किनारे स्थित सब्जी की दुकान में बेकाबू ट्रक के घुसने से दरोगा श्रवण कुमार तोमर सहित सब्जी विक्रेता दंपती की मौत हुई है। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.