मुजफ्फरनगर में शांतिपूर्ण व हर्षोल्लास से अदा हुई ईद की नमाज, वाल्मीकि समाज ने की पुष्प वर्षा

मुजफ्फरनगर। शहर में ईद उल फितर का त्योहार इस बार भी हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। ईदगाह पर हजारों अकीदतमंदों ने एकत्र होकर नमाज अदा की और देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ की।
नमाज मुफ्ती अलीहसन ने अदा कराई, जबकि शहर काजी तनवीर आलम ने दुआ कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद हरेंद्र मलिक भी ईदगाह पहुंचे और लोगों को शुभकामनाएं दीं।
ईदगाह कमेटी ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। शहर काजी ने प्रशासन और पुलिस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल
ईद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता रही। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। एलआईयू, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते भी अलर्ट मोड पर तैनात रहे।
वाल्मीकि समाज ने किया भाईचारे का संदेश
ईद उल फितर के मौके पर वाल्मीकि समाज ने आबकारी रोड स्थित जगत गुरु वाल्मीकि धाम के पास नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा की। वाल्मीकि क्रांति दल के अध्यक्ष दीपक गंभीर ने इसे दलित-मुस्लिम एकता की नई मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से जनपद में आपसी भाईचारा बढ़ेगा और सामाजिक भेदभाव कम होगा। इस अवसर पर भावाधस के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी सिलेलान, मंडल अध्यक्ष अर्जुन शील और महासचिव सोनू सरवट भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.