फरीदाबाद: डॉक्टर के किराए के मकान से भारी मात्रा में आरडीएक्स और हथियार बरामद

फरीदाबाद। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के किराए के मकान से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस को मौके से करीब 300 किलो आरडीएक्स, दो एके-47 राइफल, 84 कारतूस और रासायनिक पदार्थ मिले हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से की।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) से जुड़ी जांच का हिस्सा थी। जांच में सामने आया है कि तीन डॉक्टर इस आतंकी संगठन के संपर्क में थे। इनमें से दो— अदील अहमद राथर (अनंतनाग निवासी) और मुज़म्मिल शकील (पुलवामा निवासी) —को सहारनपुर और फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरा डॉक्टर अभी फरार है।
GMC में सीनियर डॉक्टर रह चुका अदील
जानकारी के अनुसार, अदील राथर पहले अनंतनाग मेडिकल कॉलेज (GMC) में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत था। हाल ही में उसके कॉलेज लॉकर से एक AK-47 राइफल बरामद हुई थी। यह कार्रवाई जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर (JIC) अनंतनाग की सहायता से की गई थी। अदील ने 24 अक्टूबर 2024 को अपनी नौकरी से इस्तीफा दिया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि अदील और उसके सहयोगी डॉक्टर अंसार गजवत-उल-हिंद के नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे। यह संगठन वर्ष 2017 में हिजबुल मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर जाकिर मूसा द्वारा बनाया गया था, जिसका उद्देश्य कश्मीर में शरिया कानून लागू कर एक इस्लामिक राज्य की स्थापना करना था।
नेटवर्क कई राज्यों तक फैला होने की आशंका
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स और हथियार फरीदाबाद तक कैसे पहुंचे और इन डॉक्टरों की आतंकी नेटवर्क में क्या भूमिका थी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क कश्मीर घाटी, उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक फैला हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.