फरवरी में गर्मी का अहसास, दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री के करीब

दिल्ली में अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है और गर्मी की हल्की आहट महसूस होने लगी है। सोमवार को तेज धूप निकलने के चलते राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.4 डिग्री अधिक होकर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत के आसपास है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी धूप तेज बनी रहेगी और तापमान लगभग इसी स्तर पर रह सकता है। इस सप्ताह दिल्ली में कुछ दिनों तक तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मंगलवार का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन धूप के असर से दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई दे सकती है, जो सूरज निकलते ही छंट जाएगी।
पूरे हफ्ते साफ रहेगा आसमान, तीन दिन तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और एनसीआर में 15 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। सुबह हल्की धुंध के अलावा किसी तरह की बारिश या बादल की संभावना नहीं है। 11, 12 और 13 फरवरी को हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में भी कुछ हद तक गिरावट आने की उम्मीद है। कुल मिलाकर सप्ताहभर मौसम सुहावना बना रह सकता है।
तापमान का हाल
14 और 15 फरवरी को हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने की संभावना है। 10, 12, 13 और 14 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि 11 और 15 फरवरी को यह 11 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
हवा की गति कम होने के कारण सोमवार को राजधानी में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ गया। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 249 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले करीब 60 अंक ज्यादा है। कुछ इलाकों में AQI 300 के पार भी पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक, पीएम-10 और पीएम-2.5 जैसे प्रदूषक कणों का औसत स्तर 109 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो तय मानकों से लगभग दोगुना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.