बहराइच में एनडीए कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह का अंतिम संस्कार, पूरे गांव में शोक की लहर

यूपी के बहराइच जिले के नरैनापुर गांव में रविवार सुबह 9:30 बजे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह का पार्थिव शरीर घर पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिवारजन शव से लिपटकर बिलखते रहे और गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के इस गांव के 18 वर्षीय अंतरिक्ष सिंह ने 3 जुलाई 2025 से पुणे स्थित एनडीए में प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण शुरू किया था। वह हाल ही में एयरफोर्स में सेकंड लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुए थे। शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। माता-पिता और मामा रविवार की सुबह पुणे से उनका शव लेकर पहुंचे।
सैनिक सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर घर पर रखा गया। फैजाबाद से डोगरा रेजिमेंट के जवानों की टुकड़ी गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए गांव पहुंची। हर आंख नम थी और हर जुबां पर बस एक ही शब्द थे—“अंतरिक्ष तुम कहां चले गए।”
एनडीए प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार सुबह साथी कैडेटों ने देखा कि अंतरिक्ष का हॉस्टल कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अधिकारियों को सूचित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कमरे का दरवाजा खोलने पर अंतरिक्ष को मृत पाया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गांव में जहां सेना का अनुशासन और सम्मान दिखा, वहीं हर दिल में गहरा दुख था। लोग कहते रहे कि जिसने आसमान छूने का सपना देखा था, वह इतनी कम उम्र में सदा के लिए सितारा बन गया। गमगीन माहौल में अंतरिक्ष को अंतिम विदाई दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.