मुजफ्फरनगर: संतोष हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

HIGHLIGHTS
- परिजनों की सहमति से उसे सीटी स्कैन के लिए भेजा गया था।
- मृतक के पोते मोहम्मद मोइन ने महंगी दवाइयां लिखने और डॉक्टर के एक बार ही जांच करने का आरोप लगाया।
- डॉ. आदित्य सिंह ने कहा कि मरीज का इलाज अनुभवी चिकित्सकों की टीम कर रही थी।
मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित संतोष हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद सोमवार शाम करीब 6 बजे परिजनों ने हंगामा किया। जड़ौदा निवासी साबिर की सीटी स्कैन के बाद अस्पताल लौटते समय एंबुलेंस में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और व्यवस्थाओं में कमी के आरोप लगाए। वहीं, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आदित्य सिंह ने बताया कि मरीज को अस्पताल लाए जाने के समय ही उसकी हालत बेहद गंभीर थी।
डॉ. आदित्य सिंह के अनुसार, साबिर को रविवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे बुखार था और आंतों में रुकावट की शिकायत भी थी। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों की टीम ने उसकी जांच की और परिजनों को मरीज की गंभीर मेडिकल स्थिति के बारे में जानकारी दी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि एक्स-रे और अन्य जांचों में मरीज की किडनी और लीवर से संबंधित समस्याएं सामने आई थीं। इसके अलावा वह सीवियर एसिडोसिस की स्थिति में भी था। सोमवार सुबह परिजनों ने मरीज की तबीयत के बारे में जानकारी ली तो डॉक्टरों ने बताया कि सीटी स्कैन और अन्य जांचों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे के इलाज को लेकर फैसला किया जाएगा। परिजनों की सहमति के बाद मरीज को सीटी स्कैन के लिए भेजा गया।
एंबुलेंस में आया कार्डियक अरेस्ट
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सीटी स्कैन कराने के बाद अस्पताल लौटते समय एंबुलेंस में मरीज को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
पोते ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के पोते मोहम्मद मोइन ने आरोप लगाया कि उन्होंने रविवार रात करीब 12 बजे अपने दादा को अस्पताल में भर्ती कराया था। अल्ट्रासाउंड कराने के बाद डॉक्टर केवल एक बार मरीज को देखने आए और फिर चले गए। मोइन ने अस्पताल की ओर से महंगी दवाइयां लिखे जाने का आरोप भी लगाया।
दूसरी ओर, डॉ. आदित्य सिंह ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मरीज का इलाज अनुभवी चिकित्सकों की टीम कर रही थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जरूरी जांच और उपचार की प्रक्रिया अपनाई गई थी।
पुलिस की मौजूदगी में परिजन ले गए शव
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौके पर मौजूद जिम्मेदार और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में परिजनों को मरीज की स्थिति, जांच और इलाज की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। फिलहाल परिजन शव अपने साथ ले गए हैं। उन्होंने अभी किसी कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है। हंगामे के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.