दिल्ली-NCR में ग्रैप-2 लागू होते ही मेट्रो ने बढ़ाई तैयारी, अब रोज चलेंगी 40 अतिरिक्त सेवाएं

HIGHLIGHTS
- मंगलवार से कार्यदिवसों में मेट्रो की 20 अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू होंगी।
- दिल्ली-NCR में AQI बेहद खराब होने पर ग्रैप-2 लागू किया गया।
- होटल और ढाबों में कोयले व लकड़ी से चलने वाले तंदूर पर रोक लगी।
दिल्ली में लगातार बढ़ते प्रदूषण और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप-2) के सख्त नियम लागू होने के बीच दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा के लिए अहम फैसला लिया है। प्रदूषण पर नियंत्रण पाने और लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेट्रो नेटवर्क पर ट्रेनों के फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
मेट्रो के 20 अतिरिक्त फेरे शुरू होंगे
दिल्ली मेट्रो की ओर से मंगलवार से कार्यदिवसों में 20 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। इसके बाद मेट्रो नेटवर्क पर चलने वाले अतिरिक्त फेरों की कुल संख्या 40 हो जाएगी। इस कदम का उद्देश्य सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घटाना और प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद करना है, ताकि दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-2 लागू
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद सोमवार से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-2 तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके तहत प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं।
नए नियमों के अनुसार, होटल, रेस्तरां और ढाबों में कोयले या लकड़ी से चलने वाले तंदूर के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इसके अलावा जरूरी सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर चलाने की भी अनुमति नहीं होगी।
सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव, पार्किंग शुल्क बढ़ेगा
ग्रैप-2 के लागू होने के बाद आम लोगों की दिनचर्या और खर्च पर भी असर पड़ सकता है। दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में सरकारी तथा नगर निगम कार्यालयों के कामकाज के समय में बदलाव किया जा सकता है। केंद्र सरकार भी अपने कार्यालयों के समय में परिवर्तन करने पर विचार कर सकती है।
निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए अधिकृत पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क बढ़ाने का कदम भी उठाया जा रहा है। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) की पार्किंग सुविधाओं को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है।
सर्दियों में खुले स्थानों पर लकड़ी और कचरा जलाने से रोकने के लिए आरडब्ल्यूए को भी निर्देश दिए गए हैं। उन्हें सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारियों और मालियों के लिए बिजली कनेक्शन वाले इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रदूषण रोकने में नागरिकों से सहयोग की अपील
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने लोगों से प्रदूषण कम करने के प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। वाहन चालकों को अपने पीयूसी प्रमाणपत्र अपडेट रखने, लालबत्ती पर वाहन का इंजन बंद करने और निजी गाड़ियों के बजाय सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा घरों और खुले स्थानों पर कचरा तथा सूखी पत्तियां जलाने से बचने, निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल को नियंत्रित करने और पटाखों का इस्तेमाल नहीं करने पर जोर दिया गया है।
प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की शिकायत के लिए नागरिक 311, ग्रीन दिल्ली और समीर ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.