सोना-चांदी की कीमतों ने बनाया नया इतिहास, सुरक्षित निवेश में बढ़ी मांग

नई दिल्ली: कीमती धातुओं में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। लगातार पांचवें कारोबारी दिन चांदी ने वायदा बाजार में ₹8,951 की तेजी दर्ज करते हुए ₹2,32,741 प्रति किलोग्राम के नए उच्चतम स्तर को छू लिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के भाव 75 डॉलर प्रति औंस से ऊपर जाने के चलते घरेलू बाजार में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च 2026 डिलीवरी वाली चांदी लगभग 4% या ₹8,951 की छलांग के साथ अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई। 18 दिसंबर के बाद से चांदी में कुल मिलाकर 14.33% यानी ₹29,176 की बढ़त दर्ज की गई है।
सोने ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। MCX पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना ₹1,39,216 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ, जिसमें ₹1,119 या 0.81% की बढ़त रही। यह लगातार चौथे कारोबारी दिन सोने की तेजी का सिलसिला है। क्रिसमस के कारण गुरुवार को कमोडिटी बाजार बंद रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूती
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं ने मजबूती दिखाई। कॉमेक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 1.3% या 58.8 डॉलर बढ़कर 4,561.6 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हाजिर बाजार में सोना 0.8% बढ़कर 4,538.80 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस रहा, जबकि चांदी 4.5% की छलांग के साथ 74.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक और केंद्रीय बैंक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना और चांदी में भारी निवेश कर रहे हैं। अमेरिका में संभावित सरकारी शटडाउन और फेडरल रिजर्व द्वारा नए साल में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से डॉलर कमजोर हुआ है, जिससे कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है।
एसपीआई एसेट मैनेजमेंट के विश्लेषक स्टीफन इन्स ने कहा, "जब दुनिया में अस्थिरता होती है, तो सोना निवेशकों के लिए आखिरी भरोसे का साधन बन जाता है। यह सदियों से अनिश्चित परिस्थितियों में भी अपनी कीमत बनाए रखता है।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.