बागपत: 'देश की दुर्दशा देखकर दुख होता है', बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज

HIGHLIGHTS
- बृजभूषण शरण सिंह ने यूजीसी को लेकर अपना बयान दिया।
- कुछ आंदोलनों के पीछे विदेशी फंडिंग होने का आरोप लगाया।
- सोशल मीडिया पर अपशब्दों के इस्तेमाल से समाज में बंटवारा होने की बात कही।
बागपत: सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पहुंचे पूर्व सांसद और राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ठाकुर बृजभूषण शरण सिंह ने यूजीसी और विपक्षी दलों को लेकर कई बयान दिए। उन्होंने कहा कि यूजीसी न आया है और न ही आगे आएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी को विदेश से फंडिंग मिल रही है और उसके आंदोलन विदेशी फंडिंग के जरिए संचालित किए जा रहे हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ लोग वाई-प्लस सुरक्षा लेकर घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस की स्थिति पर जताया दुख
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि देश की मौजूदा स्थिति देखकर उन्हें दुख होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा नेता अब 55 वर्ष के हो चुके हैं। उनके मुताबिक, यदि विपक्ष ने अपनी भूमिका सही तरीके से निभाई होती तो देश का विकास और बेहतर हो सकता था।
विपक्ष के नेता की तुलना बंदर के नाच से की
विपक्ष के नेता पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने उनकी तुलना बंदर के नाच से की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता कभी इधर तो कभी उधर कूदते रहते हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने अपने परिवार का कांग्रेस से पुराना संबंध बताते हुए कहा कि उनके बाबा वर्ष 1952 में कांग्रेस के विधायक रहे थे। कांग्रेस उनके बाबा की पार्टी रही है, लेकिन आज पार्टी की स्थिति देखकर उन्हें दुख होता है।
हरीश चौधरी के फार्म हाउस पर उतरा हेलीकॉप्टर
महासम्मेलन में शामिल होने से पहले बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर हरीश चौधरी के फार्म हाउस पर उतरा। वहां भाजपा नेता हरीश चौधरी, करतार गुर्जर, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, नवीन भाटी और जोगेंद्र प्रधान सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.