गुजरात विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जेठाभाई भरवाड़ ने दिया इस्तीफा

गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष जेठाभाई भरवाड़ ने गुरुवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की गई है। बयान में बताया गया है कि भरवाड़ ने अपनी व्यस्तताओं और अन्य दायित्वों का हवाला देते हुए पद छोड़ने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, जेठाभाई भरवाड़ ने गांधीनगर स्थित विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी के सरकारी आवास पर जाकर अपना इस्तीफा सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
पंचमहल जिले की शेहरा विधानसभा सीट से छह बार निर्वाचित विधायक रहे 75 वर्षीय जेठाभाई भरवाड़ को जेठाभाई अहीर के नाम से भी जाना जाता है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार भरवाड़ को पहली बार सितंबर 2021 में विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनावों के उपरांत पार्टी ने दोबारा उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें यही जिम्मेदारी सौंपी थी।
राजनीति के साथ-साथ सहकारिता क्षेत्र में भी उनका प्रभाव माना जाता रहा है। उनके इस्तीफे के बाद अब गुजरात विधानसभा में नए उपाध्यक्ष के चयन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.