गुरुग्राम: दिल्ली पुलिस के सिपाही पर पूर्व प्रेमिका से मारपीट का आरोप

गुरुग्राम। सेक्टर-56 स्थित एक हाई-प्रोफाइल सोसायटी में दिल्ली पुलिस में तैनात एक सिपाही द्वारा अपनी पूर्व महिला मित्र के साथ मारपीट और हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवती को बालों से पकड़कर सड़क पर पीटा और बाद में अपनी एसयूवी से सोसायटी के गेट को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी रोनित यादव के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर तैनात बताया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार, वह दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही है। पढ़ाई के दौरान उसकी जान-पहचान रोनित से हुई थी, जो बाद में दोस्ती में बदल गई, लेकिन आरोपी के व्यवहार से परेशान होकर उसने संबंध समाप्त कर दिए थे।
आरोप है कि इससे नाराज होकर आरोपी अलसुबह करीब साढ़े पांच बजे नशे की हालत में उसकी सोसायटी पहुंचा। वहां उसने दरवाजा न खुलने पर गाली-गलौज की और पीड़िता की मां तथा 15 वर्षीय बहन को जान से मारने और दुष्कर्म की धमकी दी।
कुछ समय बाद जब पीड़िता एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौटकर सोसायटी पहुंची, तो आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया और बाल पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक के साथ भी उसकी हाथापाई हुई।
इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया और निकलते समय सोसायटी के गेट को टक्कर मार दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज कर दी गई है और फिलहाल वह भोंडसी जेल में न्यायिक हिरासत में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.