पटना के अटल पथ पर बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, एक की मौत और सात गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- महेशनगर के पास करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोग आए गाड़ी की चपेट में।
- पलटने के बाद घटनास्थल से लगभग 80 मीटर दूर जा गिरी स्कॉर्पियो।
- हादसे के वक्त पूजा पंडालों से पैदल लौट रहे थे कुछ लोग।
पटना के अटल पथ पर रविवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हो गया। महेशनगर के पास बेकाबू गाड़ी ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पलट गई और उछलकर घटनास्थल से करीब 80 मीटर दूर जा गिरी। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार भी दुर्घटना की चपेट में आ गया। हादसे के बाद अटल पथ पर अफरातफरी मच गई।
हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल
यह दुर्घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो ने करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोगों को टक्कर मारी। हादसे के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई घायल सड़क किनारे पड़े दिखाई दिए। दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में होने का लगाया आरोप
घायल रणवीर कुमार ने बताया कि रविवार मध्य रात्रि में वे लोग पूजा पंडालों में घूमने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सात लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में था। गाड़ी का नंबर BR01JY6754 बताया गया है और उस पर जनता दल यूनाइटेड का झंडा लगा हुआ था।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अटल पथ पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.