गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद राखी सावंत का वीडियो, बोलीं- मेरा मामले से लेना-देना नहीं

HIGHLIGHTS
- राखी सावंत ने दुबई से इंस्टाग्राम पर करीब दो मिनट का वीडियो साझा किया।
- अभिनेत्री के खिलाफ 16 अक्टूबर को गैर जमानती वारंट जारी हुआ था।
- यह मामला साल 2010 में प्रसारित टीवी शो ‘राखी का इन्साफ’ से जुड़ा है।
अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ झांसी की अदालत से 16 साल पुराने मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद उन्होंने रविवार को इंस्टाग्राम पर करीब दो मिनट का वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा। राखी ने इस कानूनी कार्रवाई को जेन जी आंदोलन के समर्थन से जोड़ते हुए दावा किया कि उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उन्होंने झांसी की अदालत और पुलिस पर पूरा भरोसा जताया।
दुबई से वीडियो जारी करते हुए राखी ने कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और वह संबंधित युवक को जानती तक नहीं हैं। उनके मुताबिक, टीवी शो के दौरान चैनल की ओर से उन्हें जो कहने के लिए कहा गया था, उन्होंने वही कहा था।
शो में सिर्फ होस्ट की भूमिका निभा रही थीं राखी
राखी सावंत ने कहा कि कार्यक्रम में उनकी भूमिका केवल होस्ट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जेन जी और अपने विद्यार्थियों का समर्थन करने के कारण उनके पुराने मामले को दोबारा उठाया जा रहा है।
पत्नी से विवाद सुलझाने टीवी शो में पहुंचे थे लक्ष्मण
यह मामला साल 2010 में प्रसारित टीवी कार्यक्रम ‘राखी का इन्साफ’ से जुड़ा है। झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद सुलझाने के लिए इस कार्यक्रम में पहुंचे थे।
लक्ष्मण की मां सावित्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि शो के दौरान राखी सावंत ने उनके बेटे के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम में अपमानित किए जाने के बाद लक्ष्मण मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
बाद में लक्ष्मण की मौत हो गई। उनके परिवार ने इस घटना के लिए कार्यक्रम में कथित तौर पर हुए अपमान को जिम्मेदार ठहराया था।
इस मामले में राखी सावंत के बार-बार अदालत में पेश नहीं होने के कारण 16 अक्टूबर को उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.