लखीमपुर खीरी में बसों की आमने सामने टक्कर, 35 घायल, 1 नेपाली महिला की मौत

लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रंजीत नगर पुल पर शिमला जा रही मिनी बस और सामने से आ रही दूसरी बस की टक्कर से हादसा हो गया। दुर्घटना में करीब 35 यात्री घायल हो गए जबकि एक नेपाली नागरिक महिला की मौत हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची ईसानगर और खमरिया पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी खमरिया और धौरहरा भेजा। ईसानगर थाना क्षेत्र के रंजीत नगर पुल पर रूपैडिया से बहराइच और श्रावस्ती से सवारियां लेकर जा रही मिनी बस शिमला की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी बस लखनऊ से धौरहरा लौट रही थी। दोनों बसें आमने-सामने टकरा गईं।
घायलों में जलवर्षा (55), जय वर्षा (50), आरती (25), रामावती (55), उमाकांत (30) सहित तीन अज्ञात घायलों को धौरहरा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को गंभीर घायल बताया और जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं खमरिया सीएचसी लाए गए 30 घायलों में 15 नेपाली नागरिक शामिल थे, जिनमें प्रशांत जंगी (16), आशा (30), सुदीपन (35), चंपा (40), संगीता (42), धन माया (40), राजबहादुर कुशरी (35), दीपा (13) आदि हैं। एक नेपाली महिला की सीएचसी खमरिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर 15 घायलों को लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि कुल 17 घायलों का इलाज जारी है, जबकि बाकी मामूली घायल पास के सीएचसी में उपचार कराने के बाद घर लौट गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.