दिल्ली में गर्मी का कहर, बिजली की मांग 6000 मेगावाट के पार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को रिज इलाके में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में भी तापमान 41 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
भीषण गर्मी का सीधा असर बिजली की खपत पर देखने को मिल रहा है। बुधवार को इस साल पहली बार बिजली की अधिकतम मांग 6000 मेगावाट के स्तर को पार कर गई। बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है।
गर्मी बढ़ने के कारण एसी, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ गया है, जिससे बिजली की मांग में इजाफा हो रहा है। पिछले सप्ताह की शुरुआत में जहां मांग करीब 5000 मेगावाट के आसपास थी, वहीं अब इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बिजली की मांग 6020 मेगावाट तक पहुंच गई थी। वहीं रात 12 बजे यह 5694 मेगावाट दर्ज की गई। सिर्फ अधिकतम ही नहीं, बल्कि न्यूनतम मांग में भी बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को न्यूनतम मांग 4083 मेगावाट रही, जो गुरुवार सुबह बढ़कर 4124 मेगावाट हो गई।
अगर मौसम इसी तरह गर्म बना रहा, तो आने वाले दिनों में बिजली की मांग 6500 मेगावाट से भी ऊपर जा सकती है। इसी संभावना को देखते हुए बिजली वितरण कंपनियां अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.