दिल्ली में गर्मी का कहर, कई इलाकों में 43 डिग्री तक पहुंचा तापमान

राजधानी में गर्मी का असर अब तेज़ी से महसूस होने लगा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक पहुंचकर 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 17 अप्रैल को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं, पिछले वर्ष 26 अप्रैल को 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया था। इस बीच न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
राजधानी के विभिन्न इलाकों में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला। रिज क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पालम में 41.6 डिग्री और लोधी रोड इलाके में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अभी तक लू की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन तेज गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया।
इससे एक दिन पहले बुधवार को सफदरजंग स्थित मानक मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए 24 और 25 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी तक तेज सतही हवाएं तापमान को बहुत तेजी से बढ़ने से रोक रही थीं। हालांकि शुक्रवार को हवाओं की गति कुछ कम हो सकती है, जिससे तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
इसके बाद 26 अप्रैल से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बिजली चमकने, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है। हालांकि इसका असर बहुत ज्यादा नहीं होगा, लेकिन इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और पारा 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.