देशभर में बारिश का कहर, हिमाचल में बादल फटा; असम-गुजरात में बाढ़ से हालात गंभीर

HIGHLIGHTS
- देश के कई राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित, सेना राहत कार्यों में जुटी।
- हिमाचल के लाहौल-स्पीति में बादल फटने से पुल और सड़क बही, सात गांवों का संपर्क टूटा।
- असम में बाढ़ से 68 मौतें, गुजरात में 35 लोगों की जान गई; मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया।
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण हालात बिगड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बादल फटने से एक पुल और सड़क बह गई, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। वहीं, असम में बाढ़ से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात और दादरा व नगर हवेली में भी भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को तैनात किया गया है। सेना ने अब तक 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति पर पीएम मोदी ने ली जानकारी
असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से फोन पर बात कर राज्य के हालात की जानकारी ली। सर्बानंद सोनोवाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए राज्य के दौरे पर हैं।
हिमाचल में बादल फटने से सात गांवों का संपर्क टूटा
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी के धांधल नाला क्षेत्र में शनिवार रात बादल फट गया। इसके बाद पहाड़ी नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिससे एक पुल और सड़क बह गई।
इस घटना के बाद मयाड़ घाटी के सात गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है।
गुजरात में सेना संभाल रही राहत और बचाव अभियान
गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से स्थिति गंभीर हो गई है। सेना राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है। राज्य में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें सबसे अधिक प्रभावित वलसाड और नवसारी जिलों में 29 मौतें हुई हैं।
पिछले तीन दिनों से सेना के जवान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चला रहे हैं।
ओडिशा में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में और अधिक प्रभावी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने इसके प्रभाव से 29 जुलाई तक उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.