हिमाचल: भाजपा 4 दिसंबर को जोरावर स्टेडियम में करेगी धरना-प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश भाजपा ने आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान 4 दिसंबर को धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। बुधवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. रोहित बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसे लेकर जानकारी दी। धरना प्रदर्शन जोरावर स्टेडियम में किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर तीखे आरोप लगाए। डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार चुनाव में कांग्रेस की हार सबके सामने है और हिमाचल की वर्तमान सरकार भी चुनाव परिणाम के बाद निष्क्रिय हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर को तीन साल पूरा होने पर जश्न मनाने जा रही है, जबकि इन तीन वर्षों में युवाओं की बेरोजगारी बढ़ी, माफिया राज फैला और राज्य का कर्ज बढ़ा। यही नहीं, उन्होंने सरकार के वादों को झूठा करार देते हुए कहा कि इसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का तीन साल का जश्न राज्यवासियों को स्वीकार नहीं है। प्रदेश में आपदा प्रबंधन एक्ट लागू है, जिसका गलत इस्तेमाल करते हुए पंचायत चुनावों को टालने की कोशिश की जा रही है। ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार चुनाव में पार्टी एक बोलेरो में फिट हो गई थी, जबकि हिमाचल चुनाव में उसे ऑल्टो में ही बैठना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऑल्टो मुख्यमंत्री की भी प्रिय गाड़ी है।
भाजपा का यह धरना-प्रदर्शन युवाओं की बेरोजगारी, बढ़ते कर्ज और सरकारी नीतियों में विफलताओं के खिलाफ एक राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.