मुजफ्फरनगर में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ हिंदू युवा वाहिनी का प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। जिले में कथित फर्जी अस्पतालों और बिना लाइसेंस चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ बुधवार को हिंदू युवा वाहिनी ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री और सहारनपुर मंडल प्रभारी आदित्य प्रहलाद पाहुजा ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष नवीन जांगिड़ समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन में संगठन ने दावा किया कि जिले में 200 से अधिक फर्जी अस्पताल और करीब 132 अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि इन संस्थानों के पास न तो मान्यता प्राप्त डिग्री है और न ही स्वास्थ्य विभाग की अनुमति, फिर भी मरीजों से भारी फीस वसूली जा रही है।
वाहिनी ने यह भी कहा कि इन जगहों पर इलाज के नाम पर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे प्रसव के दौरान महिलाओं और नवजातों की संदिग्ध मौतों के मामले सामने आए हैं। संगठन ने इसे आम जनता की सेहत के लिए बड़ा खतरा बताया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी संदिग्ध अस्पतालों और क्लीनिकों की तत्काल जांच कराई जाए। जिन संस्थानों के पास वैध कागजात नहीं हैं, उन्हें सील किया जाए और बिना डिग्री इलाज करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.