गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

रायबरेली। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव का एक परिवार दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर मिरजहांपुर के पास उनकी स्कॉर्पियो अचानक सड़क पार कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में सरोज सिंह, संगीता सिंह और सात वर्षीय समृद्धि की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं गुरुचरण सिंह, उनकी पत्नी प्रतिमा सिंह, नीरज सिंह, उनकी पत्नी सविता सिंह और तीन वर्षीय समर्थ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ और फिर प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के चलते गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.