गुजरात के आणंद में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत और 5 घायल

गुजरात के आणंद जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों से भरा एक टेम्पो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए।
पुलिस के मुताबिक, हादसा तारापुर थाना क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चार लोगों की जान चली गई।
तारापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मयूर शर्मा ने बताया कि मृतकों में एक पांच वर्षीय बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल हुए पांच लोगों को तुरंत तारापुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, टेम्पो में सवार सभी लोग दाहोद जिले से मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में मदद की।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यह इलाका पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है, लेकिन अब तक यहां कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.