यात्रियों से अधिक किराया वसूला तो होगी सख्त कार्रवाई, इंडिगो संकट के बीच सरकार सख्त

नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो एयरलाइन संकट के दौरान कुछ एयरलाइंस द्वारा असामान्य रूप से अधिक हवाई किराया वसूलने की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। शनिवार को मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि तय सीमा से अधिक किराया वसूलना वर्जित है। उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्रालय ने बताया कि इंडिगो के परिचालन में आ रही समस्याओं के कारण यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान हवाई किराया भी असामान्य रूप से बढ़ा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि प्रभावित मार्गों पर यात्रियों को किसी भी तरह की मुनाफाखोरी से बचाने के लिए नियामक शक्तियों का उपयोग किया जाएगा और उचित किराया सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार के निर्देश में कहा गया है कि एयरलाइंस अब तय की गई किराया सीमा का पालन अनिवार्य रूप से करेंगी। यह नियम तब तक लागू रहेगा जब तक स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं हो जाती। मंत्रालय ने यह भी कहा कि इसका उद्देश्य बाजार में मूल्य निर्धारण अनुशासन बनाए रखना, संकटग्रस्त यात्रियों का शोषण रोकना और आवश्यक यात्रा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों और मरीजों को वित्तीय कठिनाई से बचाना है।
इस कदम से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है और एयरलाइंस को नियमित परिचालन के दौरान निर्धारित किराया नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.