ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकर पर किया अटैक, बाल-बाल बचे 15 भारतीय

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हालिया घटनाक्रम में ईरान ने ओमान तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर को निशाना बनाया। यह हमला ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पलाऊ के झंडे वाले ‘स्काईलाइट’ नामक तेल टैंकर को खासाब पोर्ट से करीब पांच नॉटिकल मील उत्तर दिशा में टारगेट किया गया। इससे पहले दुकम पोर्ट के आसपास ड्रोन गतिविधियों की खबरें भी सामने आई थीं।
चार लोग घायल, सभी क्रू सुरक्षित
ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के अनुसार, हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए। टैंकर पर कुल 20 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और पांच ईरानी नागरिक शामिल थे। घटना के बाद सभी क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एमएससी ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि टैंकर को मुसंदम गवर्नरेट के समुद्री क्षेत्र में निशाना बनाया गया, लेकिन राहत एवं बचाव अभियान समय रहते पूरा कर लिया गया।
रणनीतिक जलमार्ग पर बढ़ा तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है और इसे दुनिया के सबसे संवेदनशील ‘चोकपॉइंट’ में गिना जाता है। इस इलाके में किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई के बाद ईरान की जवाबी रणनीति से खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ी है। ओमान के आसपास यह पहला बड़ा हमला माना जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.