यूपी विधानसभा चुनाव में उतरेंगे जदयू के उम्मीदवार, निशांत ने कार्यकर्ताओं से की तैयारी की अपील

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।
- वाराणसी में पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ।
- निशांत ने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगा। रविवार को वाराणसी में आयोजित पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, ग्रामीण विकास मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि जदयू उत्तर प्रदेश में भी नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रदेश में एक मजबूत संगठन खड़ा करना है, जो आम जनता की आवाज बने, उनके मुद्दों को उठाए और उनकी बेहतरी के लिए काम करे।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील
निशांत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान नीतीश कुमार ने कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि अब उनका लोगों के बीच लगातार आना-जाना रहेगा और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नियमित मुलाकातें होंगी। उनकी कोशिश होगी कि उत्तर प्रदेश में जदयू, एनडीए के साथ मिलकर नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को जमीन पर उतारे।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने सुशासन और विकास का जो मॉडल स्थापित किया है, उसे प्रदेश के हर मतदाता तक पहुंचाना पार्टी का लक्ष्य है।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पार्टी और पूरे बिहार में एक स्वाभाविक खालीपन महसूस किया जा रहा था, लेकिन निशांत के राजनीति में आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
अगले 50 साल तक जदयू का कोई बाल बांका नहीं कर सकता
संजय झा ने कहा कि अब अगले 50 साल तक जदयू का कोई बाल बांका नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर निशांत पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने नीतीश कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने बिहार की कमान संभाली थी, उस समय राज्य की स्थिति काफी खराब थी। हालांकि, उन्होंने अपने प्रयासों से राज्य की परिस्थितियों और तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से निशांत को जिस तरह का अपार स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे आने वाले समय में प्रदेश में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। साथ ही, जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की आवाज भी और बुलंद होगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान के लिए काम किया है। उनके दूरदर्शी विजन के कारण बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अब जरूरत है कि विकास और सुशासन के इसी मॉडल की झलक उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिले।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.