दीपोत्सव पर फूलों से महकेगी रामनगरी, रोजाना 150 क्विंटल तक होगी खपत

HIGHLIGHTS
- सामान्य दिनों में अयोध्या में रोजाना 20 से 25 क्विंटल फूलों की खपत होती है।
- सजावट के लिए कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ से फूलों की खेप मंगाई जा रही है।
- पीले और नारंगी गेंदे से तोरण, मालाएं और स्वागत द्वार सजाए जाएंगे।
दीपोत्सव के दौरान रामनगरी लाखों दीपों की रोशनी के साथ फूलों की खुशबू से भी जगमगाएगी। रामपथ, राम की पैड़ी, श्रीरामजन्मभूमि परिसर, प्रमुख मंदिरों और आयोजन स्थलों को फूलों से सजाने की तैयारियां की जा रही हैं। सात नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव के मद्देनजर फूलों का कारोबार भी रफ्तार पकड़ने लगा है।
आम दिनों में अयोध्या में रोजाना 20 से 25 क्विंटल फूलों की खपत होती है। दीपोत्सव के समय यह मांग बढ़कर प्रतिदिन करीब 100 से 150 क्विंटल तक पहुंचने का अनुमान है। तीन दिन के आयोजन और सजावट के लिए कुल मिलाकर लगभग 300 क्विंटल फूलों की जरूरत पड़ सकती है।
फूल कारोबारी पिंटू मांझी के मुताबिक, मांग में अचानक बढ़ोतरी का असर फूलों की कीमतों पर भी पड़ा है। एक सप्ताह पहले के मुकाबले अब फूल महंगे हो गए हैं। जरूरत पूरी करने के लिए कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ की मंडियों से फूल मंगाए जा रहे हैं।
दूसरे फूल कारोबारी आलोक पाल ने बताया कि दीपोत्सव की सजावट के लिए सबसे ज्यादा गेंदा और गुलाब की मांग है। पीले और नारंगी गेंदे से तोरण, मालाएं, स्वागत द्वार और मंच सजाए जा रहे हैं। लाल गुलाब का इस्तेमाल खास सजावट और मेहमानों के स्वागत में किया जा रहा है। इनके अलावा रजनीगंधा, गुलदाउदी, चमेली सहित दूसरे सजावटी फूलों की भी मांग बढ़ी है। रजनीगंधा का उपयोग मंचों और विशेष सजावट के लिए किया जा रहा है।
तीन महानगरों की मंडियों से मंगाए जा रहे फूल
पिंटू मांझी ने बताया कि रामनगरी में फूलों की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए स्थानीय बाजार के अलावा बाहरी मंडियों का भी सहारा लिया जा रहा है। कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ से विभिन्न किस्मों के फूल मंगवाए जा रहे हैं। कारोबारियों के सामने नियमित आपूर्ति बनाए रखने के साथ फूलों को ताजा रखने की चुनौती भी है। इसके लिए मांग के हिसाब से स्टॉक और खेप की व्यवस्था की जा रही है।
नगर निगम फूलों की सजावट पर खर्च करेगा 24 लाख रुपये
दीपोत्सव के दौरान रामनगरी को फूलों से सजाने पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरयू तट, राम की पैड़ी, रामकथा पार्क, लता चौक, धर्मपथ और प्रमुख मठ-मंदिरों को फूलों से सजाने की योजना है। राम मंदिर में करीब 50 क्विंटल फूलों से सजावट की जाएगी।
वहीं, नगर निगम अकेले फूलों की सजावट पर 24 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके तहत लता चौक और राम की पैड़ी पर सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। टेढ़ीबाजार से लता चौक तक भी फूलों से सजावट की जाएगी।
एक सप्ताह में बढ़े फूलों के दाम (रुपये प्रति किलो)
| फूल | एक सप्ताह पहले | वर्तमान भाव |
|---|---|---|
| गेंदा | 40 | 70 |
| गुलाब | 100 | 150 |
| रजनीगंधा | 120 | 180 |
| गुलदाउदी | 60 | 100 |
| चमेली | 200 | 300 |
| जिप्सोफिला | 180 | 250 |
| कमल | 20 रुपये प्रति नग | 30 रुपये प्रति नग |
| आर्किड | 250 | 350 |
| जरबेरा | 80 | 120 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.