लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर भीषण हादसा, सफारी की टक्कर से तीन की मौत

HIGHLIGHTS
- चारों युवक दो बाइकों से भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने जा रहे थे।
- हादसा रामसनेहीघाट के बैसनपुरवा के पास हुआ।
- मृतकों में दो की उम्र 18 और 19 साल थी, जबकि एक की उम्र 17 साल थी।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट के बैसनपुरवा के पास रविवार को तेज रफ्तार सफारी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके चलते करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
पुलिस के मुताबिक, नगर पंचायत रामसनेहीघाट के धरौली निवासी अनूप (18), विमलेश (19), अनिल यादव (17) और गया प्रसाद (17) भंडारे में प्रसाद खाने के लिए दो बाइकों से जा रहे थे। चारों बैसनपुरवा के पास हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान अयोध्या की तरफ से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार सफारी ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में अनूप, विमलेश और अनिल यादव की मौत हो गई। वहीं, गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने हाईवे जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने सफारी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। हंगामे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। जाम के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी घटनास्थल के बाद सीएचसी पहुंचे और घायल किशोर का हाल जाना। उन्होंने घायल को अपने वाहन से सीएचसी पहुंचवाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.