झांसी: ट्राला अनियंत्रित होकर नहर में गिरा, छह लोग लापता; तीन शव बरामद

झांसी-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम को हुए भीषण सड़क हादसे में एक 22-चक्का ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गोलगप्पे के ठेले को टक्कर मारते हुए लगभग तीस फीट नीचे पारीछा नहर में जा गिरा। हादसे में छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। नहर से तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि चालक समेत तीन अन्य की तलाश जारी है। मौके पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे, वहीं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। नहर का पानी रोककर लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कानपुर से झांसी की ओर जा रहा लोहे की चादरों से लदा ट्राला शाम करीब 4:15 बजे पारीछा पुल के पास अनियंत्रित हो गया। हाईवे किनारे थाना चिरगांव के रिछौरा खुर्द गांव निवासी हरिराम अहिरवार (40) गोलगप्पे की दुकान चला रहे थे। उनके साथ वहां उनके परिवार के सदस्य सहित चार लोग मौजूद थे। ट्राले ने सभी को अपनी चपेट में लेते हुए पारीछा नहर में गिरा दिया। चूंकि नहर में सिंचाई का सीजन था, पानी का बहाव तेज था, जिससे हादसा और भी खतरनाक हो गया।
पुलिस और बचाव टीम का संचालन
हादसे के बाद आसपास के कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ट्राला भारी होने और लोहे की चादर बिखर जाने के कारण बचाव कार्य तुरंत शुरू नहीं हो सका। इसे हटाने के लिए भारी क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के नेतृत्व में बचाव कार्य आरंभ हुआ। नहर से हरिराम अहिरवार और पृथ्वीपुर निवासी मोहन कुशवाहा (35) के शव बरामद किए गए हैं। तीसरे शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। नहर में कुछ लोग अभी भी फंसे होने की आशंका है।
हादसे का नजारा देख महिला बेहोश
हादसे का भयावह दृश्य देख वहां मौजूद एक महिला बेहोश हो गई, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.