झारखंड: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, जंगल से मिले दो विस्फोटक

HIGHLIGHTS
- 193वीं बटालियन सीआरपीएफ और छोटानागरा पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चला रही थी।
- तलाशी के दौरान कोयना नदी के किनारे पगडंडी पर विस्फोटकों का पता चला।
- बम मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी।
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो शक्तिशाली केन बम बरामद किए हैं। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहरूदा गांव के जंगल में ये विस्फोटक जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए थे। सुरक्षा बलों ने सावधानी बरतते हुए दोनों बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इससे इलाके में एक संभावित बड़ी घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक, 193वीं बटालियन सीआरपीएफ और छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम एरिया डोमिनेशन अभियान पर थी। इसी दौरान कोयना नदी के किनारे बनी पगडंडी पर जवानों को जमीन में दबाकर रखे गए दो केन बम मिले।
विस्फोटक मिलने के बाद जवानों ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी की। इसके बाद बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों बमों को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने भी इस बरामदगी की पुष्टि की है।
मुठभेड़ स्थल से डेढ़ से दो किलोमीटर दूर मिले बम
सुरक्षा के लिहाज से इस बरामदगी को काफी अहम माना जा रहा है। जिस जगह से दोनों केन बम मिले हैं, वह कुछ महीने पहले हुए बड़े नक्सल विरोधी अभियान के मुठभेड़ स्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है।
उस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा और 50 लाख रुपये के इनामी अनमोल दा सहित कुल 17 नक्सली मारे गए थे।
जंगल में तलाशी अभियान जारी
छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि नक्सलियों ने इन विस्फोटकों को पहले ही जंगल में छिपाकर रखा था। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने उनका पता लगाया और समय रहते निष्क्रिय कर दिया।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। जंगल के दूसरे हिस्सों में भी नक्सलियों की ओर से छिपाए गए विस्फोटकों और संदिग्ध सामान की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.