लखीमपुर: पत्नी को घर ले जाने पर हुआ विवाद, युवक ने ससुर पर चाकू से किया हमला; मौत

HIGHLIGHTS
- सैदीपुर खुर्द गांव में शनिवार सुबह हुई वारदात
- पत्नी को घर ले जाने को लेकर हुआ था विवाद
- हमले में 60 वर्षीय सोहनलाल की मौत
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में शनिवार सुबह पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक ने अपने ससुर सोहनलाल (60) पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी सुमित्रा पर भी चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सोहनलाल को मृत घोषित कर दिया। सुमित्रा की हालत गंभीर बताई गई है।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर सीओ धौरहरा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
चार महीने पहले बच्चों को लेकर मायके आई थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, सोहनलाल ने अपनी बेटी सुमित्रा की शादी वर्ष 2010 में बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के रविदासनगर गांव निवासी मुकेश से की थी। दोनों की दो बेटियां और एक बेटा है।
आरोप है कि मुकेश नशे की लत के चलते पत्नी सुमित्रा से आए दिन मारपीट करता था। इससे परेशान होकर करीब चार महीने पहले सुमित्रा बच्चों को लेकर अपने मायके सैदीपुर चली गई थी।
मृतक के परिजनों के अनुसार, मुकेश पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए विवाद करता था। इससे परेशान होकर सुमित्रा ने उसके खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कर दिया था।
पत्नी के घर जाने से मना करने पर हुआ विवाद
शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुकेश ससुराल पहुंचा और पत्नी से घर चलने के लिए कहा। सुमित्रा ने कोर्ट में मामला विचाराधीन होने की बात कहते हुए उसके साथ जाने से मना कर दिया।
इसी बात को लेकर मुकेश की पत्नी और ससुर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में मुकेश ने अपना आपा खो दिया और ससुर सोहनलाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता को बचाने के लिए सुमित्रा आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हमले के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और उसे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सोहनलाल को मृत घोषित कर दिया। सुमित्रा का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
सूचना मिलने पर सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर और फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.