आगरा में 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप, पत्नी को भी नदी में धकेलने की कोशिश

HIGHLIGHTS
- बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने गोताखोरों की मदद ली।
- राहगीरों ने महिला को पुल से नीचे गिरने से बचाया।
- पुलिस पूछताछ में पत्नी पर शक की बात सामने आई।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के गांव नेरे (बादाम गढ़ी) में एक पिता पर 11 माह की बेटी को उसकी मां की गोद से लेकर यमुना में फेंकने का आरोप लगा है। बताया गया कि आरोपी ने फोटो खींचने के बहाने बच्ची को अपनी गोद में लिया और उसे नदी में फेंक दिया। इसके बाद पत्नी को भी यमुना में फेंकने की कोशिश की। हालांकि, महिला ने रेलिंग पकड़ ली और शोर मचाने लगी। राहगीरों ने उसे बचा लिया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। रात तक बच्ची की तलाश जारी थी।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई गई है। भरतपुर के डीग स्थित कदिम जाटौली निवासी भूप सिंह ने अपनी बेटी लक्ष्मी की शादी 15 जून 2024 को सिकंदरा के गांव नेरे निवासी रिंकू उर्फ चंद्रवीर से की थी। रिंकू खेतीबाड़ी करता है।
लक्ष्मी के जीजा सौरभ के अनुसार, रिंकू और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी का आए दिन उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि रिंकू कुछ समय से अपने ससुर पर गांव का प्लॉट उसके नाम करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर वह लक्ष्मी के साथ मारपीट करता था।
रिंकू लक्ष्मी को सिकंदरा से खरीदारी कराने के बहाने घर से लेकर आया था। उनके साथ 11 माह की बेटी वंशिका भी थी। आरोप है कि गांव से निकलने के बाद रिंकू ने यमुना के पुल पर बाइक रोक दी। पहले उसने पत्नी और बेटी के साथ मोबाइल से फोटो खींचे। इसके बाद फोटो लेने के बहाने लक्ष्मी की गोद से बच्ची को अपनी गोद में ले लिया और अचानक उसे यमुना में फेंक दिया।
बेटी को नदी में गिरते देख लक्ष्मी चीखने लगी। आरोप है कि इसके बाद रिंकू ने उसे पकड़ लिया और यमुना में फेंकने की कोशिश की। लक्ष्मी ने पुल की दीवार पकड़ ली और शोर मचाने लगी। आसपास से गुजर रहे लोग वहां रुक गए और उन्होंने रिंकू को पकड़ लिया। तब तक बच्ची नदी में बह चुकी थी।
लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। सूचना मिलने पर लक्ष्मी के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यमुना में बच्ची की तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, पिता पर 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप है। घटना के समय उसकी पत्नी भी साथ थी। बच्ची की तलाश की जा रही है। परिजन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटना की वजह का पता लगाया जा रहा है और बच्ची की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
पत्नी पर शक करने की बात सामने आई
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रिंकू के पत्नी पर शक करने की बात सामने आई है। बताया गया कि वह पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात करता था। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस आरोपी की इस बात पर पूरी तरह विश्वास नहीं कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.