यूपी: 21 मई को होगी लेखपाल परीक्षा, आयोग ने जारी की अहम जानकारी

उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 21 मई को होने वाली मुख्य परीक्षा के लिए परीक्षा जिलों की सूची जारी कर दी है।
21 मई को दो घंटे की होगी परीक्षा
आयोग के अनुसार परीक्षा 21 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी शुल्क जमा करने के बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर अपने परीक्षा जिले की जानकारी देख सकते हैं।
यह भर्ती राज्य की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में से एक मानी जा रही है, जिसके तहत कुल 7,994 पद भरे जाने हैं।
एडमिट कार्ड नहीं, केवल जिले की जानकारी
UPSSSC ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई सूची केवल परीक्षा शहर और समय की जानकारी के लिए है, इसे एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा, जिसे परीक्षा से लगभग 4 से 5 दिन पहले जारी किया जाएगा।
आयोग का कहना है कि यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि अभ्यर्थी पहले से अपनी यात्रा और अन्य तैयारियों की योजना बना सकें और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
3.67 लाख अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट
इस भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (PET) 2025 के आधार पर कुल 3.67 लाख अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। इसका मतलब है कि लगभग हर पद के लिए करीब 46 उम्मीदवारों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।
परीक्षा पैटर्न में बदलाव
मुख्य परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है।
इस बार सिलेबस में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। गणित के स्थान पर डेटा इंटरप्रिटेशन को शामिल किया गया है, जिससे लगभग 10 प्रश्न इसी विषय से होंगे। इसके अलावा कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को भी सिलेबस में जोड़ा गया है, जो पहले शामिल नहीं था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.