शिमला के नारकंडा में बड़ा हादसा: खाई में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 29 घायल

शिमला। नारकंडा के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में यात्रियों से भरी टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 32 लोग सवार थे, जिनमें से 29 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज कुमारसैन अस्पताल में चल रहा है। हादसे में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में सवार सभी यात्री रिकांगपिओ से नेपाल की ओर जा रहे थे। देर रात वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कुमारसैन थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और चालक राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चालक के खून और मूत्र के नमूने जांच के लिए भेजे हैं ताकि यह पता चल सके कि वह हादसे के समय नशे की हालत में तो नहीं था।
बीएमओ कुमारसैन डॉ. अंकुश ठाकुर ने बताया कि कुल 32 लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आई हैं।
इधर, डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने रविवार को आईजीएमसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर आईजीएमसी में डॉक्टरों की एक विशेष टीम तैनात की गई है। अस्पताल में भर्ती घायलों में आठ महिलाएं, सात पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं।
डीसी कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और सभी घायलों को हरसंभव मदद दी जा रही है। हादसे में घायल सभी लोग नेपाली मूल के हैं।
इस मौके पर एडीएम पंकज शर्मा, डीएसपी नरेश शर्मा, तहसीलदार संजीव गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.