दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और अंतर-राज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों—सोहेल (26), सोनू मीणा (30), सचिन कुमार मीणा (20), मोहम्मद कैफ (21) और मोहम्मद रिहान (20)—को गिरफ्तार किया गया है। यह मॉड्यूल दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सक्रिय था और पुलिस बल पर हमले की साजिश रच रहा था।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क को पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने, पाकिस्तान समर्थित हैंडलर्स के प्रचार-प्रसार और दिल्ली-एनसीआर में ग्रैफिटी व पोस्टर लगाकर कथित आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी संगठन से जुड़े तत्वों पर हाल ही में अमृतसर में एक पुलिस अधिकारी की हत्या का आरोप भी सामने आया था।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जांच के दौरान आठ सदस्यीय मॉड्यूल का खुलासा हुआ, जिसमें से पांच को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से हथियार, कारतूस, पोस्टर और पुलिसकर्मियों को धमकाने वाले वीडियो भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम लंबे समय से इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और तकनीकी व खुफिया इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका
सोहेल (फरीदाबाद)
सोहेल पर आरोप है कि वह पाकिस्तान स्थित हैंडलर के निर्देश पर दिल्ली और फरीदाबाद में TTH के समर्थन में दीवारों पर ग्रैफिटी बनाता था और वीडियो भेजता था। उसे इस काम के बदले पैसे भी मिले थे।
सोनू मीणा (दिल्ली)
सोनू के पास से हथियार बरामद हुए हैं। वह नेटवर्क के लिए फंडिंग और हथियारों की व्यवस्था में शामिल था तथा अन्य सदस्यों को आर्थिक सहायता भी देता था।
सचिन कुमार मीणा (दिल्ली)
सचिन को सोनू का सहयोगी बताया गया है। उसके पास से भी अवैध हथियार और कारतूस मिले हैं।
मोहम्मद कैफ (हरियाणा, नूंह)
कैफ पर आरोप है कि वह पुलिस पर हमलों की योजना, रेकी और युवाओं की भर्ती जैसे कार्यों में शामिल था। वह नेटवर्क के कई विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था।
मोहम्मद रिहान (मेरठ)
रिहान पर मेरठ में पोस्टर लगाने और पुलिस ठिकानों की रेकी करने का आरोप है। उसे कथित तौर पर पुलिस पर हमले के लिए बड़ी रकम देने का भी प्रस्ताव मिला था।
पहले भी हुई गिरफ्तारियां
इस मॉड्यूल से जुड़े तीन अन्य आरोपी—सोयाब, अनमोल राय उर्फ अन्नू और रवि कश्यप—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये सभी भी शहजाद भट्टी नेटवर्क के संपर्क में थे और पुलिस को धमकाने, हथियार दिखाने और वीडियो भेजने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए गए थे।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे संभव हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.