कोलकाता के होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत और 6 घायल

HIGHLIGHTS
- रात करीब 1:45 बजे होटल में लगी आग
- सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
- धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में हुई परेशानी
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल बताए गए हैं। हादसा मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुआ। पुलिस के मुताबिक, आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलने के बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने भी राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
होटल के अंदर धुआं काफी ज्यादा भर गया था। इसके चलते दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में कठिनाई हुई। पुलिस ने बताया कि अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल इमारत को ठंडा करने का काम जारी है। पुलिस के अनुसार, इस समय प्राथमिकता होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आग लगने के कारणों का पता लगाना है। खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल के पास ही स्थित है।
तारापीठ होटल अग्निकांड से भी भयानक तबाही
इससे पहले सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में भी एक होटल में भीषण आग लग गई थी। तारापीठ में हुए इस अग्निकांड में भी नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे। पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। आग सुरक्षा व्यवस्था में खामियों की जांच जारी है।
यह आग सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे लगी थी। चार मंजिला होटल के भूतल पर आग लगी थी, उस समय अधिकांश मेहमान सो रहे थे। आग दूसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैलने के कारण कई मेहमान अपने कमरों में फंस गए थे। आग लगने के समय होटल में 43 लोग ठहरे हुए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.