मेरठ: आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता संजय हरित पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पूठा रोड पर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता संजय हरित पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग की। बाइक पर सवार आरोपी ने संजय की स्कॉर्पियो कार को निशाना बनाया, लेकिन गोली कार के बोनट को छूते हुए निकल गई और बड़ा हादसा टल गया।
संजय हरित मूल रूप से सीपूरा गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में सुशांत सिटी सेक्टर-5 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह मेरठ ब्लॉक कार्यालय में ट्यूबवेल टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार सुबह वे अपनी स्कॉर्पियो से कार्यालय जा रहे थे, तभी घात लगाए युवक ने उन पर गोली चला दी।
हड़कंप मचने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। परतापुर थाना और सीओ ब्रह्मपुरी की टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है
पुलिस पूठा रोड और आसपास की दुकानों व संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
आजाद समाज पार्टी का जोरदार विरोध
मामले की जानकारी मिलते ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर ने संजय हरित से फोन पर बात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारियों से मामले में तेज और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की खबर फैलते ही आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता संजय हरित के आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में कई टीमें गठित की गई हैं और पूरे इलाके में जांच चल रही है। घटना के कारणों का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.