मेरठ: शास्त्री नगर में ध्वस्तीकरण अभियान तीसरे दिन भी जारी, कई जगह विरोध

मेरठ। शास्त्री नगर क्षेत्र में आवास एवं विकास परिषद द्वारा सेटबैक उल्लंघन और अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाया जा रहा ध्वस्तीकरण अभियान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में हो रही इस कार्रवाई के तहत कई अवैध हिस्सों को हटाया गया, वहीं कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों के विरोध के कारण माहौल तनावपूर्ण भी रहा।
इस्कॉन मंदिर के पास विरोध, संकीर्तन शुरू
सेक्टर-5 स्थित इस्कॉन मंदिर के पास जब परिषद की टीम पहुंची, तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर श्रद्धालुओं ने ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ का संकीर्तन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी। हालांकि बाद में टीम ने अन्य क्षेत्रों में अभियान आगे बढ़ाया।
महिलाओं का धरना और स्वास्थ्य बिगड़ने की स्थिति
गोल मंदिर के पास सेक्टर-3 और सेक्टर-4 के चौराहे पर पिछले कई दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं ने भी सोमवार को विरोध तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनके मकानों को सेटबैक नियमों के तहत तोड़ा जा रहा है, जिसका वे लगातार विरोध कर रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, जबकि कुछ बेहोश भी हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें प्राथमिक सहायता दी।
कई इलाकों में चला अभियान
परिषद की टीम ने सिटी गुरुद्वारा मार्ग, सेक्टर-3, सेक्टर-4 और सेंट्रल मार्केट क्षेत्रों में भी कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, जिन भवन स्वामियों ने स्वेच्छा से अवैध निर्माण नहीं हटाया, उनके खिलाफ नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान न्यायालय के आदेशों के तहत चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई
अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाना नौचंदी, थाना मेडिकल सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
तीसरे दिन तक जारी इस कार्रवाई के चलते शास्त्री नगर क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रभावित लोग राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.