मेरठ: रैपिड रेल डिपो में डकैती, गार्ड को बंधक बनाकर लाखों का सामान लूटा

मेरठ के सिवाया गांव में निर्माणाधीन रैपिड रेल डिपो में सोमवार तड़के सनसनी फैल गई, जब हथियारों से लैस छह बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को कब्जे में लेकर डकैती को अंजाम दिया। बदमाश डिपो से लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सामान एक टाटा मैजिक वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एलएंडटी आरआरटीएस परियोजना से जुड़े एनसी ठेकेदार नंदलाल ने दौराला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया कि रविवार रात डिपो पर गार्ड रमेश तैनात था। सोमवार सुबह करीब चार बजे बदमाश वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर उसे बंधक बना लिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। उनके जाने के बाद गार्ड रमेश किसी तरह खुद को मुक्त कराने में सफल हुआ और तुरंत सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पीआरवी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया।
वहीं, गांव के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले डिपो में चोरी करते हुए एक युवती और उसके साथियों को पकड़ा गया था, लेकिन न तो डिपो प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दी और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। उनका आरोप है कि यदि उस समय सख्ती दिखाई जाती, तो इस बड़ी वारदात को रोका जा सकता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.