मेरठ: एकता रैली में बोले जयंत चौधरी- कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत

मेरठ के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के गांव ईकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की एकता रैली में केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने संगठन को मजबूत करने, सामाजिक एकता बढ़ाने और युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रालोद का मुख्य उद्देश्य किसानों, मजदूरों और समाज के सभी वर्गों को जोड़कर विकास की मुख्यधारा से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करें, क्योंकि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता और समर्थक हैं।
जयंत चौधरी ने चौधरी चरण सिंह की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों और ग्रामीण समाज के अधिकारों के लिए जो संघर्ष पहले शुरू हुआ था, वह आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि रालोद सरकार में रहते हुए लगातार प्रयास कर रही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे और किसानों व आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
सामाजिक सौहार्द पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने के बजाय आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां शिक्षा सहित हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम में सांसद राजकुमार सांगवान, सांसद चंदन चौहान राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, पूर्व सांसद केसी त्यागी, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, विधायक गुलाम मोहम्मद, प्रसन्न चौधरी, अजय कुमार, अशरफ अली, सुनील रोहटा, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.