मुजफ्फरनगर में 13 अप्रैल को मेगा रोजगार मेला, 25 हजार युवाओं को मिलेगा मौका

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 13 अप्रैल को मुजफ्फरनगर में एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आयोजन में करीब 200 कंपनियां हिस्सा लेंगी, जिनके माध्यम से लगभग 25 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
आईटीआई साकेत में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सहायक निदेशक (कौशल विकास मिशन, लखनऊ) और मेरठ मंडल के नोडल अधिकारी आशीष कुमार ने जानकारी दी कि यह रोजगार मेला राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा। उन्होंने बताया कि मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के युवा इसमें मुख्य रूप से शामिल होंगे, हालांकि अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे।
21 सेक्टरों की कंपनियां करेंगी भर्ती
आयोजन में स्वास्थ्य, फैशन डिजाइनिंग समेत कुल 21 सेक्टरों की लगभग 200 कंपनियां शामिल होंगी। इन कंपनियों द्वारा करीब 25 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। युवा अपनी योग्यता, डिग्री और डिप्लोमा के आधार पर आवेदन कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी करेंगे, जबकि प्रदेश के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
मेरठ मंडल से 2600 युवा होंगे शामिल
मेरठ मंडल से करीब 2600 युवा इस रोजगार मेले में हिस्सा लेंगे। इनमें मेरठ से 1200, गाजियाबाद से 500, हापुड़ और बुलंदशहर से 300-300 तथा बागपत से 300 युवा शामिल होंगे। इनमें 216 छात्राएं भी भाग लेंगी।
इसके अलावा मेरठ मंडल की लगभग 50 कंपनियां भी मेले में मौजूद रहेंगी, जो करीब 6922 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा
युवाओं की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए QR कोड भी जारी किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आईटीआई साकेत में बैठक कर रणनीति तैयार की गई है और सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.