‘पव्वा पीकर पांच घंटे पावर में रहते हो, सुधर जाओ’- मंत्री संजय निषाद का विवादित बयान

गोंडा। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने समाज में व्याप्त लालच और बिकाऊ राजनीति पर चिंता जताते हुए कहा कि इसे समाप्त किए बिना आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित नहीं किया जा सकता।
डॉ. निषाद नवाबगंज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा, “पव्वा पीकर पांच घंटे पावर में रहने वाले लोग सुधर जाएं। घर जाकर पत्नी और बच्चों को पीटना समाज के विकास में बाधा है। ऐसी मानसिकता समाज को आगे नहीं बढ़ा सकती।”
उन्होंने कांशीराम के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि जो व्यक्ति उनकी सोच को समझ गया, वही सफल हुआ। डॉ. निषाद ने कहा कि आज भी कई इलाकों में छोटे-छोटे लालच, पव्वा और पायल जैसी चीजों के जरिए वोट खरीदे जा रहे हैं, जिसे पूरी तरह से समाप्त करने की आवश्यकता है।
मंत्री ने कहा कि जो लोग लालच में आकर वोट का सौदा करते हैं, वे बाद में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर पछताते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 70 साल तक सरकार बनाने के बाद भी समाज की स्थिति नहीं बदली, तो इसे नासमझी ही कहा जाएगा।
डॉ. निषाद ने दलित और पिछड़े वर्गों की दशा पर भी चर्चा की और कहा कि लंबे समय तक इन्हें बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा गया, लेकिन अब बदलाव की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं।
इस बीच, मंत्री का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिना हेलमेट बुलेट बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.