मिजोरम की डंपा सीट उपचुनाव के नतीजे घोषित, एमएनएफ ने फिर दर्ज की जीत

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के साथ देश के सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे भी सामने आने लगे हैं। जहां एक ओर भाजपा बिहार में मजबूत बढ़त बनाए हुए है, वहीं मिजोरम की डंपा सीट पर उसे निराशा हाथ लगी है। इस सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) ने करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की है।
चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार, MNF उम्मीदवार डॉ. आर. लालथंगलियाना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के वनलालसैलोवा को 562 मतों के अंतर से हराया। पांच राउंड की गिनती पूरी होने के बाद MNF प्रत्याशी को 6981 वोट मिले, जबकि ZPM को 6419, और कांग्रेस उम्मीदवार जॉन रोटलुआंगलियाना को 2394 वोट प्राप्त हुए।
वहीं भाजपा उम्मीदवार लालमिंगथांगा को 1541 वोट, मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार के. जाहमिंगथांगा को 50 वोट मिले। इस उपचुनाव में 45 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना।
डंपा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराया गया था, क्योंकि MNF विधायक लालरिन्टलुआंगा सैलो का जुलाई 2025 में नई दिल्ली में निधन हो गया था। सैलो दो बार विधायक रहे थे और पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी में अहम जिम्मेदारी निभा रहे थे।
इस जीत के बाद MNF के विधानसभा में कुल 10 सदस्य हो गए हैं, जबकि राज्य में ZPM 40 में से 27 सीटों पर कब्जा रखते हुए सबसे बड़ा दल बना हुआ है।
अन्य राज्यों में भी जारी है मतगणना
अन्य राज्यों की सीटों पर भी वोटों की गिनती जारी है।
-
जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा सीट
-
राजस्थान की अंता सीट
-
पंजाब की तरनतारन सीट
-
झारखंड की घाटशिला सीट
-
ओडिशा की नुआपाड़ा सीट
-
तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट
तेलंगाना में जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस के नवीन यादव, BRS प्रत्याशी सुनीता और भाजपा उम्मीदवार लंकाला दीपक रेड्डी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है।
ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर भाजपा के जय ढोलकिया का मुकाबला BJD उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया और कांग्रेस के घासीराम माझी से है। यह सीट BJD विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद खाली हुई थी।
राजस्थान की अंता सीट पर चुनाव भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा की अयोग्यता के बाद कराया गया। मीणा को 2005 में दर्ज एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद विधानसभा सदस्यता गंवानी पड़ी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.