प्रयागराज में सास की गोली मारकर हत्या, दामाद फरार

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिटी जोन के करेली थाना क्षेत्र के भावापुर इलाके में पारिवारिक विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया, जहां एक युवक ने अपनी सास को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
मृतका की पहचान आशिया खातून के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी बेटी की शादी कुछ समय पहले इलाके में रहने वाले इरफान से हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद और सास के बीच लगातार तनाव और कहासुनी चल रही थी। शुक्रवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते सड़क पर आ गया। इसी दौरान गुस्से में आए इरफान ने तमंचा निकालकर आशिया खातून के सिर पर गोली चला दी।
गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य और एसीपी राजकुमार मीणा भी पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, यह विवाह प्रेम विवाह था और शादी के बाद से ही पारिवारिक मतभेद सामने आने लगे थे। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.