मुजफ्फरनगर: सूदखोरों के शिकंजे में फंसे व्यापारी ने मोती झील में कूदकर दी जान

मुजफ्फरनगर। सूदखोरों के जाल में फंसे रेडिमेड गारमेंट्स व्यापारी ने मोती झील में कूदकर जान दे दी। अत्यधिक ब्याज और लगातार मिल रही धमकियों से त्रस्त होकर व्यापारी ने यह कदम उठाया। स्वजन के मुताबिक 17 वर्ष से ब्याज दे रहे थे, लेकिन अभी भी उन पर 80 लाख रुपये कर्जा दर्शाया जा रहा था। जिससे वह तनाव में थे।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के साकेत कालोनी निवासी 50 वर्षीय विनोद बाठला पुत्र धर्मपाल बाठला की झांसी रानी चौक पर नंगली गारमेंट्स के नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे विनोद अपने घर से निकल गए थे।
इसके बाद उन्होंने शामली रोड स्थित मोती झील में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत उन्हें बाहर निकलवाया और जिला चिकित्सालय में भिजवाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्वजन को सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। देर शाम विनोद का नई मंडी क्षेत्र में भोपा रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
17 साल पहले लिया था चार लाख रुपये
विनोद की विवाहित बेटी नंदनी ने बताया कि उसके पिता ने दुकान में काम कराने के लिए 17 साल पहले चार लाख रुपये का कर्ज लिया था, तभी से पापा सूदखोर को ब्याज देते आ रहे थे, लेकिन उन पर ब्याज को लगातार बढ़ाते रहे और 80 लाख रुपये कर्ज दर्शाया जा रहा था। सूदखोरों द्वारा लगातार उनके साथ दुकान और घर पर आकर बदसलूकी की जा रही थी और उठाकर ले जाने की धमकी तक देते थे। जिस कारण से वह तनाव में चल रहे थे।
आरोप है कि सूदखोरों ने उन्हें जाल में फंसा लिया था। मूल रकम चुकाने के बावजूद उन पर अत्यधिक ब्याज लगाया जाता रहा। वह ब्याज चुकाते-चुकाते टूट गए। जब हालात संभलना मुश्किल हो गया तो यह कदम उठा लिया।
बता दें कि विनोद की पत्नी कंचन बाठला क्रांति सेना की पूर्व संगठन मंत्री हैं। विनोद ने छह साल पहले बेटी नंदनी की शादी की थी। जबकि 24 वर्षीय बेटा पार्थ बाठला उनके साथ दुकान चलाने में सहयोग कर रहा था। कुछ समय से उनका कारोबार बहुत ही कम चल रहा था।
तीन माह पहले की थी शिकायत
विनोद के समधी कमलजीत ने बताया कि सूदखोरी से परेशान होकर उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल और थाना सिविल लाइंस में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण से सूदखोरों का दुस्साहस और बढ़ गया और वह उन्हें लगातार विनोद को धमकाते रहे। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को थाने में आरोपितों के खिलाफ शिकायत देंगे। उधर, सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार का कहना है कि उन्हें अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कराई जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.