मुजफ्फरनगर: अजय कश्यप हत्याकांड, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने परिजनों से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भोपा गांव पहुंचकर दिवंगत अजय कश्यप के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने मृतक की पत्नी शीतल से भी बातचीत की और उन्हें सहायता का आश्वासन दिया।
मंत्री कश्यप ने मौके पर ही जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर परिवार की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने आवास उपलब्ध कराने, विधवा को रोजगार दिलाने, बच्चों की शिक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने शीतल के लिए सरकारी जमीन पर पट्टा दिलाने, तालाब में मछली पालन हेतु पट्टा उपलब्ध कराने, आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में रोजगार, मनरेगा योजना से जोड़ने और बच्चों की शिक्षा के लिए आवासीय विद्यालय में दाखिले की व्यवस्था पर भी अधिकारियों से बात की।
परिजनों ने बताया कि 22 अप्रैल को पड़ोसी गांव अथाई निवासी शुभम चौधरी ने मामूली कहासुनी के बाद अजय कश्यप के सिर पर ईंट से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 6 मई को मेरठ के अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन भी किया था। प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद अंतिम संस्कार किया गया था। बाद में पुलिस ने आरोपी शुभम चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मृतक अजय कश्यप अपने पीछे पत्नी शीतल, चार बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस मौके पर सभासद संजीव कश्यप, कुलदीप कश्यप, शंकर कश्यप, सहेन्द्र, राजकुमार, हरिराम एडवोकेट, देश कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.