दिल्ली में बारिश के बीच करंट से युवक की मौत, हाईवे पार करने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

HIGHLIGHTS
- देहरादून एक्सप्रेसवे के पास पिलर नंबर 52 पर मिला युवक का शव
- पुलिस को सुबह करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली
- मृतक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है
दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में गुरुवार को करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक डिवाइडर की ग्रिल पर चढ़कर हाईवे पार करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बारिश के दौरान हुआ। पिलर के पास लगे लाइट बॉक्स से करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह करीब 10 बजे मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में देहरादून एक्सप्रेसवे के पास हाई-वोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हुई। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि देहरादून एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 52 के पास डिवाइडर पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक मृत अवस्था में मिला।
पिलर नंबर 52 के पास हुआ हादसा
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक डिवाइडर पर लगी करीब छह फीट ऊंची रेलिंग पार कर पिलर नंबर 52 के पास लगे बिजली पैनल पर पहुंच गया था।
पुलिस को आशंका है कि बिजली पैनल के संपर्क में आने के बाद युवक हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस उसकी पहचान करने के प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.