सूरत में नकली घी का बड़ा खेल उजागर, वनस्पति-तेल मिलाकर बना रहे थे 'देशी घी'; संचालक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- जय योगेश्वर डेयरी में पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग ने की संयुक्त छापेमारी
- मौके से स्टील ड्रम, मशीनें और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ
- आरोपी रात के समय मिलावटी घी तैयार करता था
सूरत। त्योहारों के मौसम से पहले पुलिस ने मिलावटी घी तैयार करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। सूरत पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वेड रोड स्थित एक डेयरी में बड़ी मात्रा में नकली घी बनाया जा रहा था। इस घी को शुद्ध देशी घी बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। लैब जांच में यह घी खाने योग्य नहीं पाया गया, जिसके बाद डेयरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वेड रोड की केशव पार्क सोसायटी स्थित जय योगेश्वर डेयरी में बड़े स्तर पर मिलावटी घी तैयार किया जा रहा है। जानकारी के आधार पर जोन-3 एलसीबी, चौक बाजार पुलिस और सूरत महानगरपालिका के फूड सेफ्टी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से डेयरी पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान डेयरी के पिछले हिस्से से स्टील के ड्रम, मिश्रण तैयार करने वाली मशीन, सीलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हल्दी पाउडर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया गया। इसके अलावा मौके से तैयार किया गया मिलावटी घी भी जब्त किया गया।
वनस्पति घी और तेल मिलाकर तैयार किया जाता था नकली घी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वनस्पति घी में पामोलिन और सोयाबीन तेल मिलाकर मिश्रण तैयार करते थे। इसके बाद घी जैसा रंग देने के लिए उसमें हल्दी मिलाई जाती थी। तैयार मिश्रण को 15-15 किलो के डिब्बों में भरकर मशीन से सील किया जाता था और बाजार में इसे शुद्ध देशी घी की पैकिंग के साथ बेचा जाता था।
जांच में यह भी पता चला कि पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए नकली घी बनाने का काम रात के समय करीब 10 बजे से 1 बजे के बीच किया जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कारोबार पिछले एक साल से चल रहा था।
43 हजार रुपये से ज्यादा का सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 34.05 किलोग्राम नकली घी, कच्चा माल, मशीनरी और मोबाइल फोन सहित कुल 43,535 रुपये का सामान जब्त किया है।
इस मामले में वेड रोड स्थित डेयरी संचालक 42 वर्षीय आरोपी राजेश कुमार पटेल को गिरफ्तार किया गया है। वह मूल रूप से पाटन जिले का निवासी है।
डीसीपी राघव जैन के अनुसार, आरोपी वनस्पति घी, पामोलिन तेल और हल्दी मिलाकर नकली घी तैयार कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह घी किन-किन दुकानों तक पहुंचाया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.