मुजफ्फरनगर: बिहार में एनडीए की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जोरदार जश्न

मुजफ्फरनगर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले बड़े जनादेश के बाद मुजफ्फरनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। शिव चौक से लेकर शहर के कई इलाकों में जश्न का माहौल दिखाई दिया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नाचते हुए मिठाई बांटी और जीत के नारे लगाए।
लखनऊ में मुजफ्फरनगर सदर से भाजपा विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पटाखे जलाकर जीत का जश्न मनाया। उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रणनीति को दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी।
शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना ने दोपहर तक साफ कर दिया कि बिहार में एनडीए की सरकार बनना तय है। कुल 243 सीटों की विधानसभा में एनडीए दो सौ से अधिक सीटों की ओर बढ़ रहा था, जबकि महागठबंधन 40 सीटों के आंकड़े के आसपास भी संघर्ष करता दिखाई दिया।
इसी बीच जिला मुख्यालय पर भी जश्न की लहर दौड़ पड़ी। शिव चौक पर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में विजय उत्सव मनाया। वहीं भगत सिंह रोड स्थित भाजपा नेता व स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश सह–संयोजक श्रीमोहन तायल के शिविर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर जीत की खुशी जाहिर की।
लखनऊ में भी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ मिष्ठान वितरण कर जीत का जश्न मनाया और बिहार के मतदाताओं के प्रति आभार जताया।
जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रियाएँ
डॉ. संजीव बालियान, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री
'बिहार में एनडीए की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीति की जीत है। जनता ने परिवारवाद को नकार कर विकास को चुना है।
कपिलदेव अग्रवाल, मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार
'यह ऐतिहासिक विजय प्रमाण है कि जनता सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों के साथ खड़ी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा और संगठन की अनुशासित कार्यशैली इस सफलता की असली नींव है।
डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष
'बिहार का जनादेश साफ संदेश देता है कि लोग अब स्थिर, विकासमुखी राजनीति को ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। यह जीत मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार की मजबूत नीतियों की जीत है।
डॉ. सुधीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष
'एनडीए की प्रचंड जीत बिहार में विकास की जीत है। पार्टी की रणनीति और शीर्ष नेतृत्व की मेहनत ने बिहार में नया राजनीतिक इतिहास लिखा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.